लखनऊ, 29 अप्रैल 2026। राजधानी स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में एक छात्रा की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से मौत के बाद बुधवार देर रात छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कुलपति आवास का घेराव किया और देर रात तक नारेबाजी की।
मृतक छात्रा अनामिका इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की छात्रा थी और यशोधरा गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। छात्र संगठन एसएफआई से जुड़े छात्रों का आरोप है कि दूषित मेस का खाना खाने से उसकी तबीयत बिगड़ी थी। बताया गया कि कुछ दिन पहले उसे फूड पॉइजनिंग हुई, जिसके बाद विश्वविद्यालय परिसर स्थित क्लिनिक से दवा लेने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
परिजनों को सूचना मिलने पर छात्रा को घर वाराणसी ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों छात्र कुलपति राजकुमार मित्तल के आवास के बाहर इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
इस मामले में कुलपति ने फोन पर बताया कि वह फिलहाल शहर से बाहर हैं और लखनऊ लौटने के बाद ही इस पर विस्तृत जानकारी दे पाएंगे।
उधर, स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रॉक्टर प्रो. रामचंद्र की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि रात 10:30 बजे के बाद गेट नंबर 2 और 3 से प्रवेश केवल वैध पहचान पत्र दिखाने पर ही मिलेगा। साथ ही बाहरी लोगों, पूर्व छात्रों और गैर-छात्रों के परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
छात्र संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
