दिल्ली में युवक की हत्या पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले— भाजपा सरकार में ‘बिहारी’ होना अपराध

पटना,। दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की हत्या के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पांडव कुमार की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि वह ‘बिहारी’ था। उन्होंने कहा कि इस घटना में पांडव का दोस्त कृष्ण गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी-मौत से जूझ रहा है।

राजद नेता ने अपने बयान में कहा कि जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नगर निगम, विधायक, सांसद से लेकर केंद्र सरकार तक भाजपा का नियंत्रण है, इसके बावजूद एक गरीब बिहारी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी।

तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कोई भाजपा नेता उस आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कर सकता है, जिस पर गोली मारने का आरोप है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी बिहारियों के साथ अन्य राज्यों में भेदभाव होता है और उन्हें शक व नफरत की नजर से देखा जाता है।

उन्होंने कहा कि बिहार से पलायन की समस्या पिछले वर्षों की नीतियों का परिणाम है, जिसके कारण लोगों को रोज़गार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है, जहां उन्हें अक्सर उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।

राजद नेता ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि जिस Delhi Police पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बिहार और बिहारवासियों के सम्मान से जुड़ी है और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *