दुष्कर्म मामले में फरार भाजपा नेता पर 25 हजार का इनाम, दो आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर,। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में युवती के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी, जो कथित रूप से भाजपा नेता बताया जा रहा है, पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

घटना खागा कोतवाली क्षेत्र की है। 24 अप्रैल की सुबह पीड़िता अपने मंगेतर के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थी। रास्ते में नौबस्ता चौराहे के पास नहर पुलिया पर रुकने के दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को बंधक बना लिया।

आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ अश्लील हरकतें कीं, उसका वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद मंगेतर से ऑनलाइन 2,500 रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म की भी शिकायत दर्ज कराई है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवराज और ललित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीसरा आरोपी बबलू ठाकुर फरार है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी बबलू ठाकुर का संबंध भाजपा से है और वह मंडल उपाध्यक्ष पद से जुड़ा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि फरार आरोपी बबलू ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि युवती अपने मंगेतर के साथ एक बाग में निजी समय व्यतीत कर रही थी। तभी ललित नामक युवक ने उन्हें देख लिया और वीडियो बनाने का प्रयास किया। ललित ने अपने दो अन्य साथियों बबलू और युवराज को भी वहां बुला लिया, जिसके बाद युवराज ने युवती से जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

वही इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि इस बात की जानकारी नही है बबलू ठाकुर मंडल उपाध्यक्ष है कि नही फिर मामला बड़ा है और जानकारी करने के बाद पार्टी स्तर पर आगे की कार्यवाही होगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *