लखनऊ में हीट वेव से राहत के लिए ‘कूलिंग पॉइंट’ शुरू, महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया उद्घाटन

लखनऊ। भीषण गर्मी और हीट वेव से राहत देने के लिए नगर निगम लखनऊ ने शहर में विशेष ‘कूलिंग पॉइंट’ की शुरुआत की है। इनका उद्घाटन महापौर सुषमा खर्कवाल ने 1090 चौराहे और लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय पर किया।

इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि यह पहल राहगीरों, श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को तेज धूप से राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

उन्होंने जानकारी दी कि शहर के अन्य प्रमुख स्थानों—पॉलिटेक्निक चौराहा, गोमती नगर पत्रकारपुरम, जीएसटी भवन, जीपीओ विधानसभा मार्ग और भार्गव पेट्रोल पंप रोड—पर भी ऐसे कूलिंग पॉइंट स्थापित किए जा रहे हैं। यहां बेड, कुर्सियां, पंखे, कूलर, मटकों का ठंडा पानी और गुड़ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके अलावा नगर निगम के 24 रैनबसेरों को भी इस योजना के तहत गर्मी से राहत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां पहले से मौजूद बेड के साथ अब ठंडे और स्वच्छ पानी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लोग दोपहर की तपती गर्मी में आराम कर सकें।

जलकल विभाग के सहयोग से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल जल की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे रिक्शा चालकों, मजदूरों और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

अवैध कब्जों पर सख्ती के निर्देश, महापौर ने की समीक्षा बैठक

इसी दिन नगर निगम मुख्यालय में संपत्ति विभाग की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। बैठक में नगर निगम की जमीनों पर अवैध कब्जों की स्थिति की समीक्षा की गई।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कब्जा हटाने की कार्रवाई तेज की जाए और खाली कराई गई जमीनों की तुरंत फेंसिंग व बायो-फेंसिंग कराई जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने संपत्तियों का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करने पर भी जोर दिया और लेखपालों को ग्राम सभा संपत्ति रजिस्टर प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए।

सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं। उन्होंने बताया कि इस विषय पर अगली समीक्षा बैठक 29 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *