पहलगाम हमले की बरसी पर राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि, बोले—आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ पूरा भारत एकजुट है और नफरत व डर के सामने कभी नहीं झुकेगा।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा।” उन्होंने कहा कि मासूम जिंदगियों को बेरहमी से छीने जाने की यह घटना आज भी देश को झकझोरती है और शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हमले में जान गंवाने वाले 26 नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश निर्दोष लोगों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ दृढ़ और एकजुट है तथा शोक संतप्त परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।

खड़गे ने अपने संदेश में भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को भी नमन किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सुरक्षा बलों की भूमिका को सराहा और सीमा पर शहीद हुए नागरिकों को भी याद किया, जिनका बलिदान राष्ट्र की चेतना में सदैव अंकित रहेगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी इस हमले पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमले से पहले पाकिस्तान सेना प्रमुख के भड़काऊ बयान के बावजूद आज पाकिस्तान की वैश्विक स्थिति बेहतर दिख रही है, जो सरकार की नीति पर सवाल खड़े करता है। साथ ही उन्होंने विदेश नीति में बदलाव की जरूरत बताई।

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह हमला मानवता के खिलाफ अपराध था। उन्होंने कहा कि निर्दोष और निहत्थे लोगों की हत्या को देश कभी नहीं भूलेगा और न ही दोषियों को माफ करेगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। बरसी के मौके पर देशभर में शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है, वहीं राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *