समाधान दिवस में गूंजीं भूमि विवाद की शिकायतें, अवैध कब्जे और प्लाटिंग पर कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 18 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी के सरोजनीनगर तहसील कार्यालय में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। तहसीलदार सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में फरियादियों ने अवैध कब्जे, पैतृक संपत्ति विवाद और सरकारी जमीन पर अनियमित प्लाटिंग के गंभीर आरोप लगाए।

पैतृक जमीन पर कब्जे का आरोप

मिर्जापुर (बेंती) निवासी राम सुमेर ने गाटा संख्या 1132 को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह जमीन पैतृक संपत्ति है, जिसमें सभी भाइयों का हिस्सा है, लेकिन अब तक राजस्व अभिलेखों में बंटवारा नहीं हुआ है। इसके बावजूद उनके चचेरे भाई द्वारा जबरन निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की।

सरकारी जमीन पर अवैध प्लाटिंग का मामला

हरिहरपुर के भाजपा बूथ अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि ऊसर, बंजर और तालाब के रूप में दर्ज सरकारी जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर बिक्री की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तुरंत रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्राम सभा भूमि पर कब्जे की शिकायत

सिविल कोर्ट से जुड़े संदीप सिंह ने ग्राम सभा बिजनौर की गाटा संख्या 956 की भूमि पर कब्जा कर प्लाटिंग किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।

पशु मरघट भूमि पर भी कब्जे के आरोप

खटोला निवासी राजेश कुमार ने रतौली गांव की पशु मरघट भूमि (खसरा संख्या 144) पर प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की।

अधिकारियों ने दिए जांच के निर्देश

समाधान दिवस में आई इन शिकायतों पर तहसीलदार ने संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मामलों में समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिससे साफ है कि क्षेत्र में भूमि विवाद और अवैध कब्जे की समस्या गंभीर बनी हुई है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *