मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्म एक दिन का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना रहा है। जुनैद खान और साई पल्लवी की ताज़ा जोड़ी को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी केमिस्ट्री की जमकर सराहना हो रही है।
ट्रेलर एक कोमल और भावनात्मक प्रेम कहानी की झलक देता है, जिसमें जुनैद खान एक शर्मीले और संकोची युवक के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी एक जिंदादिल और खुशमिजाज लड़की की भूमिका निभा रही हैं। दोनों एक ही ऑफिस में काम करते हैं, लेकिन जुनैद अपने प्यार का इज़हार नहीं कर पाते।
कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है जब जापान में साई पल्लवी के किरदार का एक्सीडेंट हो जाता है और वह ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया की शिकार हो जाती है। इस स्थिति में उसे सिर्फ जुनैद का किरदार याद रहता है, जिसने उसकी जान बचाई थी। यही मोड़ कहानी को और भावनात्मक व रोमांचक बना देता है।
ट्रेलर से साफ है कि फिल्म प्यार, उम्मीद और जादू जैसे एहसासों को बेहद खूबसूरती से पेश करेगी। लंबे समय बाद इस तरह की सॉफ्ट और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
इस फिल्म के जरिए आमिर खान और मंसूर खान की मशहूर जोड़ी भी एक बार फिर साथ आई है। दोनों ने पहले कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर, अकेले हम अकेले तुम और जाने तू… या जाने ना जैसी यादगार फिल्में दी हैं। ऐसे में फैंस को इस फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें हैं।
फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि इसे आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।
एक दिन 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, और ट्रेलर के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह काफी बढ़ गया है।
