मुंबई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने हाल ही में अपना 30वां जन्मदिन बेहद खास और भावुक अंदाज में मनाया। यह जन्मदिन उनके लिए इसलिए भी यादगार बन गया क्योंकि शादी के बाद यह उनका पहला बर्थडे था, जिसे उन्होंने अपने पति विजय देवरकोंडा और परिवार के साथ सेलिब्रेट किया।
रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पर बर्थडे सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए। इन झलकियों में वह अपने पति और माता-पिता के साथ खुशहाल पल बिताती नजर आईं। खास बात यह रही कि इस मौके पर वह उस मंदिर भी गईं, जहां वह बचपन में अक्सर जाया करती थीं। इन पलों ने उनके दिल में पुरानी यादें ताजा कर दीं।
एक वीडियो में रश्मिका को केक काटते हुए मस्ती भरे अंदाज में देखा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कोडवा स्टाइल रिसेप्शन की झलक भी दिखाई, जहां वह विजय देवरकोंडा के साथ मेहमानों से मिलती और मुस्कुराती नजर आईं।
रश्मिका ने अपने इस खास दिन को दोस्तों के साथ भी खूब एंजॉय किया। वह अपने पुराने स्कूल के बाहर भी गईं और बचपन की यादों को फिर से जिया। सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों में वह दोस्तों के साथ हंसती, घूमती और मस्ती करती दिखाई दीं।
इन खूबसूरत पलों को साझा करते हुए रश्मिका मंदाना ने एक इमोशनल नोट भी लिखा। उन्होंने बताया कि इस बार का जन्मदिन उनके लिए बेहद अलग और खास रहा। लंबे समय बाद घर लौटना, बचपन से जुड़े मंदिर जाना और स्कूल को देखना—इन सबने उन्हें पुरानी यादों में लौटा दिया।
उन्होंने लिखा कि उन्होंने उन लोगों के बीच केक काटा, जो उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं और हमेशा उनके साथ रहेंगे। साथ ही उन्हें उन रिश्तेदारों से मिलने का मौका भी मिला, जो शादी में शामिल नहीं हो पाए थे।
रश्मिका ने यह भी कहा कि उनके स्कूल के दोस्त आज भी उनकी जिंदगी का हिस्सा हैं और उनके मौजूदा दोस्त उनके परिवार से कम नहीं हैं। अंत में उन्होंने कहा कि जिंदगी में जो कुछ भी होता है, वह किसी अच्छे कारण से होता है और आज उन्हें हर चीज का महत्व पहले से ज्यादा महसूस हो रहा है।
