विश्व होम्योपैथी दिवस पर लखनऊ में होम्योपैथी सप्ताह का समापन कल

लखनऊ, 09 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय नेशनल होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, गोमती नगर द्वारा आयोजित दस दिवसीय होम्योपैथी सप्ताह का समापन 10 अप्रैल को भव्य कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। यह आयोजन 1 अप्रैल से निरंतर चल रहा है, जिसमें शैक्षणिक, वैज्ञानिक और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।

समापन समारोह प्रातः 11 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक योगेश शुक्ला, महानिदेशक आयुष चौत्रा वी, विशेष सचिव हरिकेश चौरसिया तथा निदेशक होम्योपैथी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह भी मौजूद रहेंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार पुष्कर ने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की उपस्थिति में वैज्ञानिक सत्र का आयोजन भी किया जाएगा। इस सत्र में हंगरी के विशेषज्ञ डॉ. लेस्ली जेबों ऑनलाइन व्याख्यान देंगे, जबकि प्रयागराज से डॉ. एस.एम. सिंह अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सप्ताह भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलकूद गतिविधियों और शैक्षणिक उपलब्धियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के राजकीय एवं निजी होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालयों के बीएचएमएस पाठ्यक्रम के मेधावी छात्रों को भी प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम न केवल होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों और चिकित्सकों को नवीन शोध एवं तकनीकी जानकारी से भी अवगत कराते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *