लखनऊ। प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में विधानसभा कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी भी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मदरसों की शिक्षा व्यवस्था, विभिन्न आयोगों और बोर्डों में रिक्त पदों पर नियुक्ति तथा शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री राजभर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन 92 परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थलीय निरीक्षण बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में वक्फ नियमावली और उत्तर प्रदेश मदरसा अरबी-फारसी मान्यता/प्रशासनिक सेवा नियमावली, 2016 में प्रस्तावित संशोधनों पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव संयुक्ता समाद्दार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
