आजमगढ़ (उप्र), 6 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में विकास को केवल सैफई तक सीमित रखा, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरे प्रदेश के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजमगढ़, मऊ, बलिया और जौनपुर जैसे जिले कभी भी सपा के विकास एजेंडे का हिस्सा नहीं रहे।
मुख्यमंत्री आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के मिरिया रेहड़ा स्थित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के दुग्ध अवशीतन केंद्र के उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा के लिए परिवार पहले है और समाज तथा देश बाद में, जबकि भाजपा का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम” है।
उन्होंने कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ सैफई का विकास करती रही और उस आजमगढ़ की उपेक्षा की, जिसने उन्हें बार-बार चुनाव जिताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सपा के एजेंडे में पूर्वांचल का विकास शामिल होता, तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण पहले ही हो गया होता और महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जा सकता था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनसंघ और भाजपा के संस्थापकों ने जिस विकसित भारत का सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान और सम्मान को भी मजबूत करने का काम कर रही है।
आजमगढ़ में दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और पूर्वांचल के विकास पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आजमगढ़ के नाम से लोगों को होटलों और धर्मशालाओं में कमरे मिलने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज जब कोई व्यक्ति आजमगढ़ का नाम बताता है, तो उसका स्वागत किया जाता है। यह बदलाव भाजपा की डबल इंजन सरकार की नीतियों और कार्यों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव जैसे महान ऐतिहासिक व्यक्तित्व को भुला दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो पूरा परिवार मजबूत होता है और जब परिवार मजबूत होते हैं, तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
