मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों को भूखा मारने के लिए राज्य का बकाया रोक रखा है : अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, पांच अप्रैल (UNS): तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने रविवार को नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को बार-बार सत्ता में पहुंचाने के कारण पश्चिम बंगाल के लोगों को “भूखा मारने” के लिए पिछले पांच वर्षों से राज्य का बकाया रोक रखा गया है।

पुरबा बर्धमान जिले के रैना में पार्टी प्रत्याशी मंदिरा डोलुई के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यदि उनके आरोप गलत हैं, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबूतों के साथ उनका खंडन करे और उन्हें जेल भेज दे।

उन्होंने कहा, “केंद्र ने राज्य की विभिन्न परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि जारी नहीं की है। उसने ऐसा पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों को भूखा मारने के लिए किया है, क्योंकि उन्होंने लगातार विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में पहुंचाया है।”

डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस चुनौती का डटकर सामना किया और ग्रामीण रोजगार के लिए ‘कर्मश्री’, आवास के लिए ‘बंग्लार बारी’ तथा पेयजल आपूर्ति जैसी योजनाओं को राज्य के अपने संसाधनों से जारी रखा।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि भाजपा परोक्ष रूप से राज्य के विकास कार्यों में बाधा डाल रही है।

तृणमूल महासचिव ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस आपके चेहरे पर मुस्कान देखना चाहती है, जबकि मोदी आपकी आंखों में आंसू देखना चाहते हैं, क्योंकि आपने लगातार चुनावों में भाजपा को नकार दिया है। आपको भूखा मारने की इस साजिश को लेकर आप बंगाल विरोधी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दें।”

ममता बनर्जी सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि राज्य की 24 लाख महिलाओं को ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है और यह योजना आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य का पैसा रोके जाने के बावजूद, दो वर्षों में ‘बंग्लार बारी’ योजना के माध्यम से 32 लाख लोगों को घर उपलब्ध कराए गए हैं।

अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह झूठ बोल रहे हैं, तो उन्हें जेल में डाल दिया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा उनके साथ सार्वजनिक रूप से सीधी बहस करने से डर रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *