देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है : राजनाथ सिंह

तिरुवनंतपुरम, 2अप्रैल (UNS)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है और भारत पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न होने वाले किसी भी संभावित ऊर्जा संकट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज समुद्री व्यापार के महत्वपूर्ण मार्ग और ईरानी क्षेत्र होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारत के हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं और सरकार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी

रक्षा मंत्री ने सीमा पार आतंकवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि पड़ोसी देश पाकिस्तान की ओर से कोई दुस्साहस किया गया, तो भारत की प्रतिक्रिया “अभूतपूर्व और निर्णायक” होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के आने के बाद से आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और राष्ट्रीय सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमला 2025 के जवाब में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से सरकार की सख्त नीति स्पष्ट होती है।

भारतीय नौसेना और रक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने का लक्ष्य

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में समुद्री क्षेत्र के बढ़ते महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अब केवल व्यापार मार्गों या नौसैनिक शक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय मजबूती, आर्थिक विकास, तकनीकी नवाचार और रणनीतिक स्वायत्तता में भी इसकी अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2047 तक भारतीय नौसेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली नौसेना बनाने की दिशा में कदम उठा रही है और देश रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

रक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 में भारत का रक्षा निर्यात लगभग 600 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 38,500 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 2025-26 में रक्षा निर्यात में 2024-25 की तुलना में 62.66 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।

केरल चुनाव में भाजपा को समर्थन की अपील

रक्षा मंत्री ने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को चुनने का आग्रह करते हुए कहा कि यह राज्य में बदलाव लाने के लिए सही राजनीतिक दल है और यह “मोदी की गारंटी” के साथ आता है।

केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *