लखनऊ, 2 अप्रैल 2026। पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व खेल प्रशासक डॉ. आरपी सिंह आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम के चयन में अहम भूमिका निभाएंगे। वह हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता के रूप में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम चयन प्रक्रिया का नेतृत्व करेंगे।
इन दो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रतिभाग करने वाली भारतीय टीम के चयन की दिशा में अहम कदम के तौर पर ट्रायल 3 और 4 अप्रैल 2026 को बेंगलुरु स्थित साई सेंटर में आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी हॉकी इंडिया के महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव ने दी।
बड़ी जिम्मेदारी, बेहतर टीम चयन पर फोकस
डॉ. आरपी सिंह वर्तमान में हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक और यूपी हॉकी के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने यह दायित्व मिलने पर इसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि ट्रायल के माध्यम से आगामी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंतिम टीम चयन से पहले संभावित खिलाड़ियों को कड़े प्रशिक्षण और इंटरनेशनल एक्सपोजर दिया जाएगा, ताकि भारतीय टीम में सबसे योग्य और सक्षम खिलाड़ियों को जगह मिल सके।
शानदार खेल करियर और उपलब्धियां
डॉ. आरपी सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रहे हैं और उन्होंने दो एशियाई खेलों—सियोल एशियन गेम्स 1986 और बीजिंग एशियन गेम्स 1990—में पदक विजेता भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वह एशिया कप हॉकी 1989 की पदक विजेता टीम के भी सदस्य रहे हैं।
उन्होंने हॉकी विश्व कप 1986 लंदन और हॉकी विश्व कप 1990 लाहौर में भारत का प्रतिनिधित्व किया। साथ ही, वह 1988 के प्री-ओलंपिक टूर्नामेंट की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य भी रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने में अहम योगदान
डॉ. आरपी सिंह की देखरेख में उत्तर प्रदेश में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ है। इनमें 2016 में लखनऊ में आयोजित जूनियर हॉकी विश्व कप 2016 और 2019 की इंडो-फ्रांस महिला हॉकी टेस्ट सीरीज प्रमुख हैं।
बताया गया है कि एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 से 31 अगस्त 2026 तक होगा, जबकि एशियन गेम्स 2026 14 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
