असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के परिवार की संपत्ति में कथित वृद्धि पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

गुवाहाटी, 30 मार्च (UNS)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के परिवार की संपत्ति में पिछले एक दशक में कथित तौर पर हुई भारी वृद्धि पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से उनकी पत्नी की संपत्तियों से संबंधित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंत विश्व शर्मा ने केवल अपने परिवार के लिए धन जमा करने का काम किया और राज्य के लोगों के लिए रोजगार जैसे मुख्य मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।

सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाता सम्मेलन में कहा,
“मुख्यमंत्री द्वारा अपने चुनावी हलफनामों में साझा की गई जानकारी से यह स्पष्ट है कि पिछले पांच वर्षों में केवल एक व्यक्ति और उसका परिवार ही ‘मालामाल’ हुआ है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह “असम मॉडल” के बजाय “संपत्ति जमा करने का मॉडल” है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हिमंत विश्व शर्मा की निजी संपत्ति वर्ष 2016 में 1.02 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.36 करोड़ रुपये हो गई, जबकि उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं थी।

कांग्रेस नेता ने कहा,
“इसी अवधि के दौरान उनकी पत्नी की संपत्ति 1.77 करोड़ रुपये से बढ़कर 13.59 करोड़ रुपये हो गई।”

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी की अचल संपत्ति वर्ष 2016 में 3.5 करोड़ रुपये थी, जो 2021 में 4.3 करोड़ रुपये हो गई और वर्ष 2026 में बढ़कर 19.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा,
“संपत्ति का संचय मुख्य रूप से जीवनसाथी की संपत्तियों से होता है, न कि अपनी निजी कमाई से। हम यह जानना चाहते हैं कि ऐसी कौन सी आर्थिक गतिविधि है, जो सार्वजनिक पद पर रहते हुए परिवार की संपत्ति में छह गुना बढ़ोतरी करती है।”

मुख्यमंत्री द्वारा अपने नाम पर किसी भी अचल संपत्ति की घोषणा न किए जाने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि तीनों हलफनामों में उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है, फिर भी परिवार की संपत्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।

राज्य में भ्रष्टाचार और रोजगार के अवसरों की कमी का आरोप लगाते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल अपने परिवार की संपत्ति जुटाने में व्यस्त हैं, जबकि युवाओं में बेरोजगारी की दर अधिक है और रोजगार देने के लिए कोई बड़ा उद्योग भी नहीं है।

भाजपा पर सोशल मीडिया के जरिए एक सुनहरी तस्वीर पेश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा,
“लेकिन असलियत कुछ और है और लोग इसे जानते हैं।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *