शाहजहांपुर, 30 मार्च 2026, RNN। विकास भवन सभागार में सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनपद में आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवनियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश स्तर पर बाल विकास परियोजनाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया। शाहजहांपुर जनपद में 3 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 346 सहायिकाओं का चयन किया गया है, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर ददरौल के विधायक अरविंद कुमार ने नवनियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें तथा शासन की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि सभी कार्यकत्रियां स्मार्टफोन के माध्यम से पोषण ट्रैकर ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं की प्रभावी निगरानी और पारदर्शी क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग से सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
