विकास की ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत प्रधानमंत्री की कार्य योजना का हिस्सा : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 28 मार्च (RNN)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत प्रदान करना प्रधानमंत्री की कार्य योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यह आज हर क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में अपने संबोधन में कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक प्रोजेक्ट है। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह परियोजना ‘उड़ान’ योजना के तहत प्रदेश को नई दिशा देने वाली है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया में अव्यवस्था और अनिश्चितता का माहौल है तथा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और ‘देश प्रथम’ के दृष्टिकोण के कारण भारत ने इस चुनौतीपूर्ण समय में भी स्थिरता बनाए रखी है। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद शुल्क में कमी के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 तक प्रदेश का विकास बाधित रहा और उत्तर प्रदेश को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली और प्रदेश ने नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25 नवंबर 2021 को इस हवाई अड्डे का शिलान्यास किया था और अब उनके ही हाथों से इसके प्रथम चरण का उद्घाटन होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार अपने संकल्पों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। उन्होंने बताया कि यह हवाई अड्डा यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस और प्रस्तावित दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेललाइन जैसे परिवहन नेटवर्क से जुड़कर प्रदेश को बेहतर वैश्विक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह के दौरान किसानों के योगदान को भी विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें समयबद्ध मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा दी गई, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के लिए लगभग 13 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराई।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की नई पहचान और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *