युवा संसद 2026 में डॉ. राजेश्वर सिंह का युवाओं से आह्वान – एकजुट रहो, जागरूक बनो और भारत को महाशक्ति बनाओ

लखनऊ, 28 मार्च, RNN। भागीदारी भवन, लखनऊ में आयोजित युवा संसद 2026 कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं की शक्ति, जिम्मेदारी और देश की प्रगति में उनकी भूमिका पर विशेष जोर देते हुए उन्हें एकजुट और जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत को सैन्य, आर्थिक और सांस्कृतिक महाशक्ति बनाने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी।

डॉ. सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत इतिहास के उदाहरण से करते हुए कहा कि मात्र दो लाख अंग्रेज़ सैनिकों ने लगभग 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया, जिसका मुख्य कारण देश के भीतर विभाजन और संकीर्ण सोच थी। उन्होंने युवाओं से जातिवाद और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है, जहां लगभग 60 प्रतिशत आबादी युवा है, जो देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से केवल सवाल पूछने तक सीमित न रहने, बल्कि समस्याओं के समाधान खोजने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

डॉ. सिंह ने कहा कि वैश्विक स्तर पर औसत विकास दर लगभग तीन प्रतिशत है, जबकि भारत की विकास दर करीब आठ प्रतिशत है, जो देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल, तकनीकी ज्ञान और नवाचार क्षमता को लगातार बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

उन्होंने डिजिटल शिक्षा और साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में 80 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत पर प्रतिदिन सैकड़ों साइबर हमले होते हैं, इसलिए युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और जागरूक बनना जरूरी है।

पर्यावरण संरक्षण के विषय पर बोलते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में पृथ्वी का तापमान लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है और शहरी क्षेत्रों में भूमिगत जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, इलेक्ट्रिक वाहन और हरित प्रौद्योगिकी को अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई क्षेत्रों में संघर्ष और अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है, इसलिए भारत को सैन्य और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से देश की रक्षा और विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया और अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम भारत को एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाएं।

इस अवसर पर युवा संसद के संरक्षक राजकुमार पटेल, आयोजक अभिनव पटेल, प्रो. केडी सिंह, संचालक सौरभ पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग और प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद देते हुए युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे एकजुट रहकर देश को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में अपना योगदान देंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *