महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री, प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

लखनऊ, 27 मार्च 2026, RNN। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोमतीनगर स्थित सेज क्रिकेट एकेडमी में आयोजित स्वर्गीय राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज बेटियाँ खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रही हैं और देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उप मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय राधिका सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से न केवल प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिलती है।

अपने संबोधन में मौर्य ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के आयोजक हर्ष वर्धन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाते हैं और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती आशा मौर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *