पश्चिम एशिया संकट पर मुख्यमंत्रियों संग बैठक करेंगे पीएम मोदी, तैयारियों की करेंगे समीक्षा

नई दिल्ली, 26 मार्च (UNS)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को चुनाव वाले राज्यों को छोड़कर अन्य सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर उनकी तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस स्तर की बैठक करने जा रहे हैं। यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके जवाब में ईरान ने भी खाड़ी के अपने पड़ोसी देशों और इजराइल पर हमले किए हैं।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे, ताकि राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा की जा सके। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।

जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण उन राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। बताया गया है कि मंत्रिमंडल सचिवालय चुनाव वाले राज्यों—तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी—के मुख्य सचिवों के साथ अलग से बैठक करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में लोकसभा में कहा था कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न संकट का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है और इससे निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट का सामना देश को कोरोना महामारी की तरह सामूहिक प्रयासों से करना होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से जारी युद्ध जैसे हालात ने भारत के सामने आर्थिक, राष्ट्रीय और मानवीय सुरक्षा से जुड़ी अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस संकट पर भारत की संसद और देश को एकजुट होकर दुनिया के सामने मजबूत संदेश देना चाहिए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *