नई दिल्ली, 25 मार्च (यूएनएस)। इंडियन नेशनल कांग्रेस (आईएनसी) को राजधानी के 24 अकबर रोड स्थित अपने पुराने कार्यालय को जल्द खाली करना पड़ सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार एस्टेट विभाग ने बुधवार को कांग्रेस को नोटिस जारी कर 28 मार्च तक दफ्तर खाली करने का निर्देश दिया है।
इसी के साथ इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) के 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालय के लिए भी समान समय सीमा के साथ एक अलग नोटिस जारी किया गया है।
बताया जाता है कि अकबर रोड स्थित यह बंगला करीब 48 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी का मुख्यालय रहा है। पार्टी ने पिछले वर्ष कोटला मार्ग पर अपना नया मुख्यालय इंदिरा भवन शुरू कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद अकबर रोड परिसर अभी तक खाली नहीं किया गया है और कई गतिविधियां अब भी वहीं से संचालित हो रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि किसी भी तरह की जबरन बेदखली को रोकने के लिए पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटा सकती है। उनका कहना है कि अकबर रोड स्थित कार्यालय का पार्टी के लिए प्रतीकात्मक और राजनीतिक महत्व है और यह संगठन की विरासत का अहम हिस्सा रहा है।
पार्टी के अधिकारियों ने यह भी कहा है कि कांग्रेस इस संपत्ति के लिए बाजार मूल्य के अनुसार किराया अदा कर रही है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है और इसे राजनीतिक कदम बताया है।
कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस कदम की आलोचना करते हुए इसे अवैध और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी उपलब्ध कानूनी विकल्पों का उपयोग करेगी।
उन्होंने एक बयान में कहा, “यह अवैध और राजनीतिक रूप से प्रेरित है और इन नोटिसों के खिलाफ सभी कानूनी उपाय किए जाएंगे।”
