रेसलिंग गोल्ड कप 2026 में देश-विदेश के पहलवानों का दमदार प्रदर्शन, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने ₹5 लाख सहयोग की घोषणा

लखनऊ, 23 मार्च। राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में अमर शहीदों की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित रेसलिंग गोल्ड कप 2026 में देश-विदेश के पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए सीएसआर फंड से ₹5 लाख सहयोग राशि देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस भव्य प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब सहित विदेशों—जॉर्जिया एवं ईरान—से आए कुल 45 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सहभागिता ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने उत्कृष्ट आयोजन के लिए आयोजक राजेश कुमार सिंह को बधाई दी।

डॉ. सिंह ने कहा कि कुश्ती भारत की लगभग पांच हजार वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा रही है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि शक्ति, तकनीक, संयम और संस्कृति का अद्भुत संगम है। आज के मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार स्टैमिना, तकनीक और खेल भावना देखने को मिली, जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनमें अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत भावना होती है। वे अपने प्रदर्शन से देश का गौरव विश्व पटल पर ऊंचा करते हैं और समाज को स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने आगे कहा कि भारत की प्राचीन अखाड़ा परंपरा और गुरु-शिष्य संस्कृति ने समाज को सदैव सशक्त बनाया है। इस खेल संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अभिमन्यु सिंह, पूर्व आईएएस एस.पी. सिंह, प्रोफेसर संजय सिंह, पी.के. मिश्रा, गोपाल राय, कैप्टन कमल सिंह, शंकरी सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *