केकेआर की गेंदबाजी में अब पहले जैसा खौफ नहीं रहा: रविचंद्रन अश्विन

चेन्नई, 21 मार्च। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजी आक्रमण में अब पहले जैसा खौफ नहीं रहा और उनके ‘मिस्ट्री’ स्पिनरों में ‘नवीनता का तत्व’ भी फीका पड़ गया है।

आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले केकेआर की ताकत और कमजोरी का विश्लेषण करते हुए अश्विन ने कहा कि भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर अब काफी जिम्मेदारी होगी।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मुझे नहीं लगता कि केकेआर की गेंदबाजी देखकर विरोधी टीम डरेंगी। ‘मिस्ट्री फैक्टर’, ‘नवीनता’ और खौफ, ये सब अब खत्म हो चुके हैं। पहले बल्लेबाज विश्लेषक के कमरे में जाकर गेंदबाज के हाथ को देखते थे या फिर एक रन लेने की बात सोचते थे।”

उन्होंने कहा कि वरुण चक्रवर्ती अपने करियर के ऐसे दौर में हैं जहां उन्हें नए जवाब तलाशने होंगे। यह हर क्रिकेटर के विकास का हिस्सा होता है, लेकिन फिलहाल केकेआर के स्पिन आक्रमण में पहले जैसी धार नहीं दिख रही है।

अश्विन ने अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नारायण की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुनील नारायण अब अपने एक्शन की वजह से पहले जैसी तेज गेंद नहीं डाल पा रहे हैं और छोटे मैदान, खासकर ईडन गार्डन्स, पर विरोधी टीमों के लिए आक्रामक बल्लेबाजी करना आसान हो गया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि चोटों और खिलाड़ियों में लगातार बदलाव के कारण केकेआर की गेंदबाजी इकाई कमजोर हो गई है। अश्विन ने कहा, “नीलामी के बाद मैंने कहा था कि केकेआर की गेंदबाजी मजबूत है, लेकिन अब मुस्तफिजुर रहमान टीम में नहीं हैं, माथिशा पाथिराना चोटिल हैं और हर्षित राणा भी बाहर हो चुके हैं।”

उन्होंने कहा कि टीम के पास तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी जैसे विकल्प जरूर हैं, लेकिन इतनी चोटों के बीच किसी एक खिलाड़ी को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी और फिलहाल ऐसा कोई स्पष्ट चेहरा नजर नहीं आ रहा। भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप भी पूरे सत्र के लिए बाहर हो गए हैं।

अश्विन ने कप्तानी के मुद्दे पर भी बात करते हुए कहा कि श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति टीम के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने याद दिलाया कि केकेआर ने तीन बार आईपीएल खिताब जीता है—दो बार गौतम गंभीर के नेतृत्व में और एक बार श्रेयस अय्यर की अगुआई में।

अश्विन ने कहा, “श्रेयस अय्यर की कप्तानी प्रभावशाली रही है। केकेआर का नुकसान पंजाब किंग्स का फायदा बन गया।” अय्यर पंजाब किंग्स में शामिल हुए और पिछले साल टीम को एक दशक में पहली बार आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया।

पूर्व क्रिकेटर ने खिलाड़ियों की जिम्मेदारी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि कोई खिलाड़ी अपनी भूमिका पूरी नहीं करता है तो टीमों को उसकी फीस में कटौती करने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी खिलाड़ी को चार ओवर गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए खरीदा गया है, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाता, तो टीम को उसके भुगतान में कटौती करने का अधिकार होना चाहिए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *