धोनी से गुर सीखने को उत्साहित संजू सैमसन

तिरुवनंतपुरम, 16 मार्च। संजू सैमसन ने कहा है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से सीखने को लेकर काफी उत्साहित हैं।

टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के अहम सदस्य सैमसन ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने पहले भी धोनी से फोन पर बात की है, लेकिन उनके साथ एक ही टीम में खेलना और मैदान पर समय बिताना उनके लिए खास अनुभव होगा।

उन्होंने कहा, “मैंने माही भाई से फोन पर बात की है, लेकिन उनके साथ एक टीम का हिस्सा बनना और उनके साथ खेलना शानदार होगा। मैं इसे उनसे सीखने के अवसर के रूप में देखता हूं।”

सैमसन ने आईपीएल में अपने अधिकतर मैच राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले हैं, लेकिन अब वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ गए हैं। दोनों टीमें 30 मार्च को गुवाहाटी में आमने-सामने होंगी और इस मुकाबले में सैमसन पहली बार राजस्थान के खिलाफ सीएसके की जर्सी में खेलते नजर आएंगे।

31 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि यह राजस्थान रॉयल्स का घरेलू मैच होगा, लेकिन वह मैदान पर भावनाओं को हावी नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा, “मैं सीएसके के लिए खेलने को लेकर उत्साहित हूं। यह पहला मौका होगा जब मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा, लेकिन मैदान पर भावनाओं को हावी नहीं होने देता। मैंने राजस्थान इसलिए छोड़ी क्योंकि मुझे लगा कि टीम में मेरा समय खत्म हो गया है। उनके खिलाफ भी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।”

सैमसन ने बताया कि विश्व कप से पहले खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें आत्ममंथन का मौका मिला। उन्होंने कहा कि जब वह विश्व कप खेलने के लिए घर से निकले थे तब उनमें बहुत अधिक आत्मविश्वास नहीं था, लेकिन टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें शानदार स्वागत मिला।

सैमसन ने कहा, “जब मैं मैदान पर उतरता हूं तो मेरे साथ हजारों लोगों के सपने होते हैं। वे चाहते हैं कि मैं अच्छा खेलूं, ताकि उन्हें यह विश्वास हो कि एक छोटे शहर का लड़का भी क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर सफल हो सकता है।”

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान सचिन तेंदुलकर का संदेश मिलना उनके लिए सबसे खास पल था। वहीं खिताब जीतने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर का उन्हें गले लगाना भी उनके लिए यादगार रहा।

सैमसन ने कहा कि गंभीर के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना है और वह ज्यादा शब्दों में नहीं बल्कि भावनाओं के जरिए अपना समर्थन जताते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *