मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र में अनियमितता पर कार्रवाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश
लखनऊ, 15 मार्च। ए.के. शर्मा के कड़े रुख के बाद जौनपुर जिले के मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता (जेई) के अनुपस्थित रहने और कार्यालय में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया गया, जबकि उपखंड अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता शहजाद अली के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी को भी चार्जशीट जारी की गई है।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने पाया कि कई अभिलेख और लॉगशीट सही ढंग से भरे नहीं गए थे तथा जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि विद्युत विभाग जनसेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करते रहें।
