दिल्ली में हल्की बारिश से मौसम सुहावना, तापमान में मामूली गिरावट; AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में

नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में रविवार सुबह हुई हल्की बारिश से लोगों को शुष्क और गर्म मौसम से कुछ राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में कुल आठ मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक सफदरजंग और लोधी रोड वेधशालाओं में 0.8-0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में 0.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा आयानगर में 2.6 मिलीमीटर और पीतमपुरा में सबसे अधिक 3.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अन्य क्षेत्रों में मयूर विहार में 1.0 मिलीमीटर और जनकपुरी में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि रिज वेधशाला में नाममात्र की वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह वर्षा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई है। निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट वेदर में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-हरियाणा के ऊपर चक्रवाती गतिविधि बनी, जिसके प्रभाव से दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।

उन्होंने कहा कि अगले दिन भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यह इस मौसम की पहली मानसून-पूर्व वर्षा मानी जा रही है, जो सामान्य समय से लगभग 10 दिन पहले हुई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से 3.6 डिग्री ज्यादा है।

दिन के दौरान सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत तक पहुंच गई। विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार शाम चार बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 175 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 101 से 200 के बीच का एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में माना जाता है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *