‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान का 160वां जनसुनवाई शिविर, 65 लोगों का नेत्र परीक्षण, 14 समस्याओं का मौके पर समाधान

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद और जनसेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ अभियान के तहत रविवार को 160वां जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। अर्जुनगंज मंडल के ग्राम पंचायत परवर पूरब के मजरा बहादुर खेड़ा में आयोजित इस शिविर में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में टीम राजेश्वर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। जनसुनवाई के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, आय प्रमाण पत्र, विधवा पेंशन, राशन कार्ड और लैपटॉप योजना से जुड़े कुल 24 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

शिविर में 4 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, 6 वृद्धा पेंशन, 2 विधवा पेंशन और 2 आभा कार्ड के आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

इस अवसर पर टी.एस. मिश्रा हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। शिविर में 65 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 30 लोगों को चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। साथ ही सभी लाभार्थियों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों—अनन्या यादव (65%), नैन्सी (64%), शनि यादव (56%) और अभिषेक कुमार यादव (55%)—को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से एक बॉयज यूथ क्लब और 110वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन कर उन्हें क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कैरम की खेल सामग्री भी प्रदान की गई।

इसके साथ ही ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से ग्रामीणों को ताजा और पौष्टिक भोजन वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष मोहित तिवारी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं टी.एस. मिश्रा हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम को भी अंगवस्त्र और मां पीतांबरा देवी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *