रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम में 15 मार्च को ‘फिट-टेस्ट फैमिली एरीना’ वॉकाथॉन

युवाओं में खेल व फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल, जुम्बा-योग सत्र और खिलाड़ियों का होगा सम्मान

लखनऊ, 14 मार्च। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलीगंज स्थित रॉयल स्पोर्ट्स गंज (आरएसजी) स्टेडियम में रविवार 15 मार्च को “फिट-टेस्ट फैमिली एरीना – वॉकाथॉन एवं फिटनेस” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) और द गुरुकुलम स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। इसमें छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 2 किलोमीटर की वॉकाथॉन (फिटनेस वॉक) होगी, जिसे लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वॉकाथॉन के बाद खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए जुम्बा फिटनेस सत्र और योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जा सके।

इस अवसर पर हॉकी ओलंपियन सैयद अली, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, लखनऊ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, अवध ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन ऋषि गोयल, अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अबू हुबैदा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय तैराक एवं रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार विजेता गरिमा कपूर, शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक मुकेश सिंह, रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम के कार्यकारी निदेशक हर्षवर्धन सिंह और डायरेक्टर ऑपरेशन्स अजय सेठी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

इसके साथ ही मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, गोमती नगर की मेडिकल टीम प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण और डेमोंस्ट्रेशन भी देगी, ताकि आपात स्थिति में जीवनरक्षक तकनीकों के बारे में लोगों को जानकारी मिल सके।

स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक एवं रॉयल स्पोर्ट्स गंज स्टेडियम के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नियमित व्यायाम, योग व खेल गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *