कांशीराम जयंती पर बसपा का ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, 15 मार्च को बड़ी रैली; कई प्रत्याशियों की घोषणा संभव

लखनऊ, 6 मार्च (RNN) । आगामी चुनावों को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 15 मार्च को ‘लखनऊ चलो’ का नारा देते हुए राजधानी में विशाल रैली आयोजित करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम पार्टी संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार राजधानी लखनऊ में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के 12 मंडलों से कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा लेंगे, जबकि नोएडा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में छह मंडलों के लोग शामिल होंगे। इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो मायावती के भी कार्यक्रम को संबोधित करने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसे लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

इसी दिन पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद राजस्थान के भरतपुर में आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। बसपा नेतृत्व इस मौके को संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने के रूप में देख रहा है।

सूत्रों के मुताबिक रैली के दौरान कुछ विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की जा सकती है। पार्टी ने जालौन की माधौगढ़ सीट से आशीष पांडेय को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसके अलावा आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से अबुल कैश, जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर सीट से विनोद मिश्रा और सहारनपुर देहात सीट से फिरोज आफताब के नाम पर भी मुहर लग चुकी है, जिनकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।

बसपा आगामी दो महीनों में 50 से अधिक विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित करने की रणनीति पर काम कर रही है। कांशीराम जयंती पर आयोजित यह रैली पार्टी के लिए चुनावी अभियान की बड़ी शुरुआत मानी जा रही है, जहां से कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए अहम संदेश दिया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *