बदहाल सड़कों पर व्यापारियों का प्रदर्शन, त्वरित सुधार की मांग

शाहजहाँपुर में जर्जर सड़कों और अधूरे विकास कार्यों से नाराज़ व्यापारियों ने प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में नगर निगम शाहजहाँपुर पहुँचकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत समय पर नहीं होती, जिससे आमजन और दुकानदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधूरे कार्यों से बने गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं।

प्रतिनिधियों ने विभागों के बीच समन्वय की कमी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है, लेकिन मौजूदा हालात में व्यापार और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या उठाते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की। अन्य पदाधिकारियों ने करों में बढ़ोतरी और मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी चिंता जताई।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *