देहरादून में दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की हत्या, स्कूटी सवार बदमाश फरार

देहरादून, 11 फरवरी (Agency)। शहर के बीचोंबीच बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक प्रमुख गैस एजेंसी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कूटी सवार दो बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर जिलेभर में सघन जांच अभियान शुरू किया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे तिब्बती मार्केट स्थित मंदिर के बाहर हुई। बसंत विहार क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा (42) रोज की तरह टेनिस खेलने के बाद स्टेडियम से बाहर आए थे और कार में बैठने ही वाले थे कि तभी स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

गंभीर रूप से घायल शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शर्मा अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे।

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का एंगल सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शर्मा की मां ने पहले उत्तराखंड उच्च न्यायालय से यह कहते हुए सुरक्षा ली थी कि उन्हें अपने बेटे से जान का खतरा है।

मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित चार लोगों पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल तथा एसके मेमोरियल अस्पताल के मालिक डॉ. अजय खन्ना का नाम भी शामिल है। अभिलाषा का आरोप है कि इन लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर उनके पति का विवाद था और इसी वजह से हत्या कराई गई हो सकती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।

इसी बीच, गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एसएसपी को जल्द गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ बैठक कर नियमित गश्त और कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए।

उल्लेखनीय है कि दस दिनों के भीतर शहर में यह दूसरी हत्या है। इससे पहले दो फरवरी को मच्छी बाजार क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर 22 वर्षीय युवती की हत्या कर दी थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *