लखनऊ। नगर निगम लखनऊ की उद्यान व्यवस्था और नवाचार को एक बार फिर राज्य स्तर पर सराहना मिली है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में जन भवन, लखनऊ में संपन्न प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में प्राप्त सम्मान की ट्रॉफी महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल को सौंपी गई।
नगर निगम लखनऊ को इस प्रदर्शनी में रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल के लिए द्वितीय पुरस्कार तथा 1000 से 2000 वर्गमीटर श्रेणी के पार्क के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव सहित उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने महापौर को प्रदर्शनी में मिली इस दोहरी उपलब्धि की जानकारी देते हुए सम्मान की ट्रॉफी ससम्मान भेंट की।
गौरतलब है कि दिनांक 06, 07 एवं 08 फरवरी 2026 को जन भवन, लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में नगर निगम लखनऊ द्वारा विकसित रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल को निर्णायकों ने उत्कृष्ट मानते हुए द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह पुरस्कार महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
यह रूफ टॉप गार्डेनिंग मॉडल महापौर के निर्देशन तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है। मॉडल का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सीमित स्थान का प्रभावी उपयोग कर हरित वातावरण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करना और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
इसके साथ ही, 1000 से 2000 वर्गमीटर तक के पार्क की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होना नगर निगम लखनऊ की उत्कृष्ट उद्यान व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और सतत रखरखाव की गुणवत्ता को दर्शाता है। यह उपलब्धि नगर निगम के हरित विकास और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
