उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र सोमवार से, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत

लखनऊ, 8 फरवरी  । उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा, जिसकी शुरुआत राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से की जाएगी। यह सत्र वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट और प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद सदन की अन्य कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधान मंडल में प्रस्तुत करेंगे। बजट प्रस्तुति के उपरांत राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।

बयान में कहा गया है कि 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित रूप से चलेगी। शनिवार और रविवार को अवकाश के चलते सदन की बैठक स्थगित रहेगी। इसके बाद सोमवार 16 फरवरी से सदन की कार्यवाही पुनः आरंभ होगी, जो 20 फरवरी तक प्रस्तावित है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से सदन की कार्यवाही के सुचारु संचालन में सहयोग करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक वातावरण में तथ्यपरक और सार्थक चर्चा से ही जनहित से जुड़े विषयों का प्रभावी समाधान संभव है।

वहीं नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे जनता के मुद्दों को सदन में उठाएं और रचनात्मक चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने में सरकार का सहयोग करें।

इस बीच, राज्यपाल के अभिभाषण की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आगामी बजट सत्र और उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

बजट सत्र के दौरान प्रदेश के आर्थिक विकास, नीतिगत निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर व्यापक विमर्श होने की संभावना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *