अयोध्या में सीता के जीवन पर आधारित ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ स्थापित होगी: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, चार फरवरी – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम में देवी सीता के जीवन, मूल्यों और आदर्शों को समर्पित एक ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की स्थापना के निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी सीता भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन, चरित्र और आदर्शों से गहराई से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

प्रस्तावित आर्ट गैलरी की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक पारंपरिक कला संग्रहालय नहीं, बल्कि अत्याधुनिक और गहन सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने वाला केंद्र होना चाहिए। इसमें समकालीन तकनीक के माध्यम से देवी सीता के जीवन, त्याग, करुणा, गरिमा, धैर्य और आंतरिक शक्ति की आधुनिक व्याख्या प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि गैलरी की कथात्मक सामग्री, डिज़ाइन, दृश्य भाषा, कला और तकनीकी प्रस्तुति—सभी पहलू दैवीय विरासत के पुनरावलोकन की भावना को दर्शाएं और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की मूल भावना यह होनी चाहिए कि आगंतुक देवी सीता के जीवन-संदेश को केवल देखें ही नहीं, बल्कि उसे अनुभव करें, समझें और आत्मसात करें।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद करते हुए उन्होंने बताया कि इस परियोजना को श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि गैलरी में मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपराओं और कला के विविध आयामों को प्रमुखता के साथ प्रदर्शित किया जाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *