लखनऊ। सधी हुई बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर टीसीसी ने चतुर्थ अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को केएसीसी को 26 रन से पराजित किया।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीसीसी ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 147 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी रही, जहां सलामी बल्लेबाज अफसर सिद्दीकी ने 40 रन और डॉ. प्रियेश ने 20 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में अफजल ने 20 रन जोड़े, जबकि सुमित गुप्ता ने नाबाद 25 रन की उपयोगी पारी खेली। मुजम्मिल हुसैन ने 16 रन बनाए। केएसीसी की ओर से मो. शरीफ और योगेंद्र सेठ ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएसीसी की टीम 19.1 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। मो. शरीफ ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि सैफुल ने 20 और रिजवान अली ने 14 रन जोड़े, लेकिन वे टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। टीसीसी की ओर से डॉ. फिरोज खान और जितेंद्र पटेल ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
मैच में हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले टीसीसी के सुमित गुप्ता को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने नाबाद 25 रन बनाने के साथ एक विकेट भी झटककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
