टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर सरकार करेगी अंतिम फैसला: पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी

लाहौर, 24 जनवरी । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को कहा कि आगामी टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को लेकर अंतिम निर्णय देश की सरकार करेगी। यह बयान ऐसे समय आया है, जब सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।

लाहौर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नकवी ने कहा कि यह मुद्दा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के समक्ष रखा जाएगा, जो फिलहाल विदेश दौरे पर हैं। उनके स्वदेश लौटने के बाद सरकार इस पर अंतिम फैसला करेगी।
नकवी ने कहा, “हम टी20 विश्व कप खेलेंगे या नहीं, इसका निर्णय सरकार करेगी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इस समय देश से बाहर हैं। उनकी वापसी के बाद हम उनसे परामर्श करेंगे। सरकार का फैसला अंतिम और बाध्यकारी होगा। यदि सरकार ने भाग न लेने का निर्णय किया, तो आईसीसी किसी अन्य टीम को आमंत्रित कर सकती है।”

उन्होंने बताया कि बांग्लादेश द्वारा सुरक्षा चिंताओं के चलते भारत की यात्रा से इनकार करने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने उसे टी20 विश्व कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया।
समझौते के तहत पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं, जैसा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ हुए करार में तय किया गया है।

पीसीबी इस मुद्दे पर बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा होने वाला एकमात्र सदस्य देश रहा। बांग्लादेश ने अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी, लेकिन आईसीसी की बैठक में 14 अन्य सदस्य देशों ने इसके खिलाफ मतदान किया।

नकवी ने बांग्लादेश को विश्व क्रिकेट का “बड़ा हितधारक” बताते हुए कहा कि इस मामले में उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया है।
उन्होंने कहा, “बांग्लादेश विश्व क्रिकेट का एक अहम हितधारक है और उसके साथ अन्याय हुआ है। बुधवार की बैठक में भी मैंने यही बात उठाई थी। उनकी स्थिति के पीछे कई कारण हैं, जिनका खुलासा उचित समय पर किया जाएगा।”

पीसीबी अध्यक्ष ने आईसीसी की निर्णय प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एक सदस्य देश अनुचित प्रभाव डाल रहा है।
नकवी ने कहा, “एक देश फैसले थोप रहा है। जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के मामलों में स्थान बदलकर सुविधा दी, तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया गया?”

उन्होंने दोहराया कि पीसीबी का रुख स्पष्ट है और अंतिम फैसला सरकार के निर्देशों के अनुरूप ही होगा।
नकवी ने कहा, “हम आईसीसी के प्रति नहीं, बल्कि अपनी सरकार के प्रति जवाबदेह हैं। प्रधानमंत्री की वापसी के बाद सरकार जो भी निर्णय लेगी, उसका पालन किया जाएगा।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *