खुटार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 729 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय कीमत 2.25 लाख

शाहजहांपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुटार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 729 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के निकट पर्यवेक्षण में की गई। अभियान के तहत थाना खुटार पुलिस टीम शांति व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा अपराध रोकथाम के उद्देश्य से सघन जांच कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों पर रोककर तलाशी ली। पहले अभियुक्त ने अपना नाम नितिन पुत्र परिमाल, निवासी ग्राम कौरेया मुफरत, पोस्ट कोटवा, थाना फरधान, जनपद लखीमपुर खीरी, उम्र लगभग 22 वर्ष बताया। उसके कब्जे से 356 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम श्रीचन्द पुत्र सुरेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम जिझारपुर, पोस्ट सिसनौर, थाना मैलानी, जनपद लखीमपुर खीरी, उम्र करीब 36 वर्ष बताया। उसकी जामा तलाशी से 373 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना खुटार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *