नयी दिल्ली, 14 जनवरी – ईरान में तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने सभी नागरिकों से उपलब्ध साधनों के जरिए देश छोड़ने की अपील की है। बड़े पैमाने पर जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों और प्रदर्शनकारियों पर हो रही कार्रवाई के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। इसके साथ ही भारत ने अपने नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की यात्रा से भी बचने की सलाह दी है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक नया परामर्श जारी कर कहा कि बदलती परिस्थितियों को देखते हुए छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों सहित सभी भारतीय नागरिक वाणिज्यिक उड़ानों समेत परिवहन के उपलब्ध साधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें। दूतावास ने यह भी दोहराया कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) अत्यधिक सावधानी बरतें, विरोध-प्रदर्शन या रैलियों वाले क्षेत्रों से दूर रहें और भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें।
परामर्श में नागरिकों को स्थानीय मीडिया पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है। विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान में कहा कि ईरान में मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक इस्लामिक गणराज्य ईरान की यात्रा नहीं करनी चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले पांच जनवरी को जारी परामर्श में विदेश मंत्रालय ने भारतीयों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने का आग्रह किया था और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों तथा भारतीय मूल के लोगों से सतर्क रहने को कहा था। हालांकि, हालात और अधिक गंभीर होने के बाद अब सरकार ने देश छोड़ने की स्पष्ट सलाह जारी की है।
ईरान में पिछले महीने उस समय व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे, जब ईरानी मुद्रा रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई थी। शुरुआत में ये प्रदर्शन आर्थिक संकट के खिलाफ थे, लेकिन बाद में यह आंदोलन सभी 31 प्रांतों में फैल गया और राजनीतिक बदलाव की मांग में तब्दील हो गया।
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी (एचआरएएनए) के अनुसार, हाल के दिनों में ईरान में देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,500 से अधिक हो गई है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता गहराती जा रही है।
ईरान में जारी अशांति का असर पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों पर कथित क्रूर कार्रवाई को लेकर तेहरान को चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि “मदद पहुंचने वाली है।”
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
