वीबी-जी राम जी को लेकर गांव-गांव जनसंवाद करेगी भाजपा

लखनऊ, 13 जनवरी- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन–ग्रामीण’ (वीबी-जी राम जी) में निहित गांव, गरीब और किसान के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को लेकर प्रदेश भर में गांव, गली और चौपालों तक पहुंचकर जनसंवाद करेगी। पार्टी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक उन्नति, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर लोगों को जागरूक करना है।

भाजपा के राज्य मुख्यालय से मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह निर्णय एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की कार्यशाला में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री किरेन रीजीजू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सुभासपा अध्यक्ष एवं मंत्री ओम प्रकाश राजभर तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि ‘वीबी-जी राम जी’ विकसित भारत की मजबूत नींव साबित होगी और इससे ग्रामीण भारत में पारदर्शी विकास को गति मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि इस योजना से भ्रष्टाचार समाप्त होगा, गांवों में नई अवसंरचनाएं विकसित होंगी और ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रति वर्ष 125 दिन का रोजगार गारंटी के रूप में मिलेगा, जबकि वन क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को अतिरिक्त 25 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश और जिला स्तर की कार्यशालाओं के बाद मंडल स्तर पर सम्मेलन, श्रमिक चौपाल और किसान संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। हर गांव में चौपालों के माध्यम से किसानों, कृषि श्रमिकों और मजदूरों से सीधे संवाद कर योजना के लाभ बताए जाएंगे। इसके साथ ही घर-घर संपर्क, किसान पदयात्रा, ट्रैक्टर रैली और बैलगाड़ी रैली जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी जनसंवाद को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *