वोटर सूची में हेराफेरी पर एफआईआर होगी: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया में धांधली करना चाहती है।

लखनऊ, 13 जनवरी- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सत्तारूढ़ दल या उससे जुड़े लोगों ने फर्जी तरीके से वोट बनवाने या काटने का प्रयास किया, तो संबंधित व्यक्तियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

लखनऊ स्थित सपा के राज्य मुख्यालय में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपवित्र करने पर आमादा है। सपा द्वारा जारी बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा दोबारा फर्जी वोट बनाने में लगी है। अगर वोट बनाने में हेराफेरी की गई, तो फर्जी वोट बनवाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।”

उन्होंने बताया कि प्राथमिकी का एक प्रारूप समाजवादी पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और बूथ प्रभारियों को भेजा जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा सके।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के लिए की जा रही एसआईआर प्रक्रिया दरअसल एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) जैसी है और जो काम केंद्रीय गृह मंत्रालय का था, उसे भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग से करा रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में कई खामियां सामने आ रही हैं और मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि करोड़ों वोट काटे जा रहे हैं।

सपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि मतदाता सूची को लेकर केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल मतदाता संख्या 12 करोड़ 56 लाख है, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग की सूची में केवल ग्रामीण क्षेत्रों में ही 12 करोड़ 69 लाख मतदाता बताए जा रहे हैं। शहरी मतदाताओं को जोड़ने पर कुल संख्या 17 करोड़ से अधिक हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बीएलओ और अधिकारी वही हैं, तो मतदाताओं की संख्या में इतना अंतर कैसे संभव है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने जनता से भाजपा की कथित साजिशों से सावधान रहने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा भूमाफिया की तरह काम कर रही है और सरकारी तथा गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। यादव ने दावा किया कि भ्रष्टाचार हर विभाग में चरम पर है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता करारा जवाब देगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *