ठाणे महानगरपालिका चुनाव: शिवसेना ने जारी किया घोषणापत्र, झुग्गी-बस्ती मुक्त शहर और 260 मीटर ऊंचे व्यूइंग टावर का वादा

शिवसेना

ठाणे, 12 जनवरी । एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 15 जनवरी को होने वाले ठाणे महानगरपालिका चुनाव के लिए सोमवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में शहर को झुग्गी-बस्ती मुक्त बनाने, बड़े पैमाने पर शहरी पुनर्विकास और मोघरपाड़ा के पास 260 मीटर ऊंचा ‘व्यूइंग टावर’ बनाने जैसे महत्वाकांक्षी वादे किए गए हैं।

राज्य के मंत्री प्रताप सरनाइक, लोकसभा सदस्य नरेश म्हस्के सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आनंद आश्रम में घोषणापत्र जारी किया। यह स्थान उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दिवंगत मार्गदर्शक आनंद दिघे का कार्यालय रहा है।

लोकसभा सदस्य नरेश म्हस्के ने बताया कि घोषणापत्र में झुग्गी-बस्तियों के उन्मूलन के लिए व्यापक शहरी पुनर्विकास योजना शामिल है। उन्होंने कहा कि मौजूदा क्लस्टर विकास परियोजनाओं को तेज किया जाएगा और इनके माध्यम से झुग्गीवासियों को स्थायी एवं उच्च गुणवत्ता वाले आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे ठाणे को एक आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

घोषणापत्र में शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत व्यापक सड़क निर्माण, नए फ्लाईओवर और बेहतर कनेक्टिविटी की योजनाएं प्रस्तावित हैं, ताकि नए आवासीय क्षेत्रों पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके।

इसके साथ ही मोघरपाड़ा के पास 260 मीटर ऊंचे ‘व्यूइंग टावर’ के निर्माण का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है। पार्टी के अनुसार यह प्रतिष्ठित संरचना करीब 8,000 करोड़ रुपये की एक बड़ी विकास परियोजना का हिस्सा होगी, जिसमें कन्वेंशन सेंटर, ऑडियंस गैलरी, होटल और मॉल शामिल होंगे। इस टावर से शहर और आसपास के क्षेत्रों का विहंगम दृश्य दिखाई देगा और ठाणे उन अंतरराष्ट्रीय शहरों की श्रेणी में आएगा, जहां ऊंचे ऑब्जर्वेशन डेक मौजूद हैं।

राज्य मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा कि उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में किए गए उपायों से ठाणे में पानी की किल्लत अतीत की बात बन जाएगी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘आरोग्य आपल्या दारी’ योजना लागू की जाएगी, जबकि दिव्यांगजनों के लिए मनोरंजन केंद्र और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। इसके अलावा क्लस्टर योजनाओं के तहत ‘वर्टिकल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ विकसित किए जाएंगे और दादोजी कोंडदेव स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हालांकि भाजपा और शिवसेना ने शहर के विकास को लेकर अलग-अलग दृष्टिकोण के कारण पृथक घोषणापत्र जारी किए हैं, लेकिन नरेश म्हस्के ने स्पष्ट किया कि चुनाव में दोनों दल एकजुट गठबंधन के रूप में मैदान में हैं।

इस बीच, महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को महायुति के समर्थन में कई रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बागी उम्मीदवारों के दावों से गुमराह न हों। शिंदे ने कहा, “यदि कोई यह कहता है कि उसे हमारा समर्थन प्राप्त है, तो उसकी बातों में न आएं। हमारा समर्थन केवल महायुति के आधिकारिक उम्मीदवारों को है।”

उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। शिंदे ने बताया कि घोड़बंदर रोड के विकास के लिए 950 करोड़ रुपये पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं और आगे भी अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने महिला मतदाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि ‘लाडकी बहिन’ जैसी कल्याणकारी योजनाएं स्थायी हैं और इन्हें जारी रखा जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *