अंडर-21 व सीनियर यूपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप: लखनऊ और वाराणसी का दबदबा, तीन-तीन स्वर्ण पदक जीते

लखनऊ, 11 जनवरी 2026। मेजबान लखनऊ और वाराणसी के खिलाड़ियों ने अंडर-21 व सीनियर यूपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया। चैंपियनशिप का आयोजन कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में किया जा रहा है।

चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव एवं हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष टी.पी. हवेलिया ने की।

आयोजन समिति की ओर से हाल ही में एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की काउंसिल का मेंबर चुने जाने पर डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के महासचिव जसपाल सिंह ने आभार व्यक्त किया। समारोह में कराटे

एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्ण अवतार भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में वाराणसी की शशिकला मौर्य ने अंडर-21 महिला व्यक्तिगत काता और कुमिते (50 किग्रा से कम) में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि महिला सीनियर व्यक्तिगत काता में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।
मेजबान लखनऊ के लिए प्रशांत सिंह ने अंडर-21 पुरुष कुमिते (55 किग्रा से कम) में स्वर्ण जीता, वहीं जय भारत दुबे ने पुरुष सीनियर व्यक्तिगत काता में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा पुरुष सीनियर टीम काता में भी लखनऊ की टीम ने स्वर्ण पदक जीता।

समाचार लिखे जाने तक पदक तालिका में लखनऊ ने तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक, जबकि वाराणसी ने तीन स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्य पदक अपने नाम किए थे। प्रतियोगिताएं देर रात तक जारी रहीं।

मुख्य परिणाम इस प्रकार रहे:

  •  अंडर-21 पुरुष व्यक्तिगत काता:
    स्वर्ण – सुजीत यादव (प्रयागराज), रजत – शरद श्रीवास्तव (लखनऊ), कांस्य – सत्यम पटेल (वाराणसी)

  •  अंडर-21 पुरुष कुमिते (55 किग्रा से कम):
    स्वर्ण – प्रशांत सिंह (लखनऊ), रजत – शिवा (बुलंदशहर), कांस्य – विजय भारद्वाज (वाराणसी), अर्जुन (गौतम बुद्ध नगर)

  •  अंडर-21 पुरुष कुमिते (84 किग्रा से अधिक):
    स्वर्ण – अरुण कुमार (मथुरा), रजत – ध्रुव (मेरठ), कांस्य – पवन (गौतम बुद्ध नगर)

  •  पुरुष सीनियर व्यक्तिगत काता:
    स्वर्ण – जय भारत दुबे (लखनऊ), रजत – ज्ञानेश सिंघल (लखनऊ), कांस्य – जयवीर सिंह (आगरा), विवेक सिंह (लखनऊ)

  •  पुरुष सीनियर टीम काता:
    स्वर्ण – लखनऊ (आशीष सिंह, ज्ञानेश सिंघल, जय भारत दुबे, अभिषेक गौतम)

  •  अंडर-21 महिला व्यक्तिगत काता:
    स्वर्ण – शशिकला मौर्य (वाराणसी), रजत – अन्वी सुत्प्राई (गौतम बुद्ध नगर), कांस्य – अंजली शर्मा (वाराणसी), सृष्टि दुबे (भदोही)

  •  अंडर-21 महिला कुमिते (50 किग्रा से कम):
    स्वर्ण – शशिकला मौर्य (वाराणसी), रजत – दिया पंवार (मेरठ), कांस्य – अंचल पाल, नंदिनी गोंड (वाराणसी)

  •  महिला सीनियर व्यक्तिगत काता:
    स्वर्ण – अन्वी सुत्प्राई (गौतम बुद्ध नगर), रजत – आकांक्षा वर्मा (वाराणसी), कांस्य – शशिकला मौर्य (वाराणसी), सृष्टि दुबे (भदोही)

चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रदेश में कराटे खेल की बढ़ती ताकत और प्रतिस्पर्धा को दर्शाया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *