मौलाना तौकीर रजा के बेटे की कार सड़क हादसे का शिकार, कोई हताहत नहीं; तलाशी में नशीला पदार्थ बरामद

इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के बेटे की कार बरेली जाते समय एक सड़क हादसे का शिकार हो गई

शाहजहांपुर (उप्र), 7 जनवरी । शाहजहांपुर जिले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के बेटे की कार बरेली जाते समय एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पुलिस की तलाशी के दौरान कार से नशीला पदार्थ बरामद होने के बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात बरेली निवासी फरमान रजा खान (30) अपनी कार से बरेली की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार तिलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछियानी खेड़ा मंदिर के पास पहुंची, तो आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने तत्काल अधिकारियों को मौके पर भेजा। स्थानीय पुलिस ने फरमान रजा खान को सुरक्षित रूप से कार से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के बाद जब वाहन की जांच की गई तो कार में रखे एक बैग से लगभग आधा ग्राम ‘क्रिस्टल ड्रग’ बरामद हुई। पूछताछ में फरमान ने बताया कि उसने अपने निजी इस्तेमाल के लिए दिल्ली से एक ग्राम स्मैक खरीदी थी।

एसपी द्विवेदी के अनुसार, जब पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान डिक्की खोलने को कहा तो फरमान पहले बहाने बनाने लगा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। सख्ती बरतने पर उसने कार की चाबी सौंपी, जिसके बाद डिक्की से नशीला पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि फरमान रजा खान को एनडीपीएस (मादक पदार्थ) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि मौलाना तौकीर रजा खान पिछले वर्ष बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर से जुड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के एक मामले में गिरफ्तार किए गए थे और फिलहाल जेल में बंद हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *