शाहजहांपुर: भ्रष्टाचार की शिकायत पर विधायक ने घटिया नाला निर्माण जेसीबी से उखड़वाया

कांट (शाहजहांपुर), छह जनवरी । नगर पंचायत कांट क्षेत्र में नाला निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री इस्तेमाल की शिकायत पर ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण के बाद निर्माण को जेसीबी मशीन से उखड़वाया गया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार ललित तिवारी की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने लौट रहे विधायक से मोहल्लेवासियों ने कांट–मदनापुर रोड से सामुदायिक शौचालय तक बनाए जा रहे नाले में घटिया सामग्री इस्तेमाल की शिकायत की। शिकायत मिलते ही विधायक ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कांट नूरजहां और अवर अभियंता को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य रोकवाया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लगभग 450 मीटर लंबे और 9 लाख रुपये लागत वाले नाले में पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा था, जो निर्धारित मानकों के विपरीत था। शिकायत सही पाए जाने पर विधायक के निर्देश पर नगर पंचायत की जेसीबी मशीन से नाला उखड़वा दिया गया।

इस अवसर पर विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि जनहित के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में सभी कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराने की कड़ी चेतावनी दी।

विधायक की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरजीत चौहान सहित कई सभ्रांत लोग उपस्थित थे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *