सुरेश कलमाड़ी के निधन पर खेल जगत में गहरा शोक, उनके योगदान को याद किया गया

नई दिल्ली, छह जनवरी । भारतीय खेल जगत ने मंगलवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ खेल प्रशासक सुरेश कलमाड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। 81 वर्षीय कलमाड़ी का मंगलवार तड़के पुणे में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

आईओए की वर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा ने ट्वीट किया कि “पूर्व आईओए अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के पूर्व सचिव ललित भनोट ने कहा, “हमारे प्रिय मित्र और खेल जगत के दिग्गज का अचानक निधन सुनकर गहरा सदमा लगा है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वह लगभग दो दशकों तक एएफआई के अध्यक्ष रहे और खेलों को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू किए। वे समर्पित खेल प्रशासक थे।”

आईओए के पूर्व महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “सुरेश कलमाड़ी का निधन भारतीय खेल जगत और ओलंपिक आंदोलन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनका योगदान अमूल्य रहा।”

भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव मेहता ने भी अपने शोक संदेश में कहा, “मैं उनके परिवार, सहकर्मियों और खेल जगत से जुड़े सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले। भारतीय खेलों में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।”

कलमाड़ी ने 1996 से 2011 तक आईओए के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे एशियाई एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष और विश्व एथलेटिक्स (आईएएएफ) की परिषद के सदस्य भी रहे। उनके नेतृत्व में भारत ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के माध्यम से पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता।

अभिनव बिंद्रा ने ट्वीट किया, “सुरेश कलमाड़ी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें।”

कलमाड़ी ने 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पुणे में खेल अवसंरचना के विकास में भी अहम योगदान दिया। उनके प्रयासों से पुणे अंतरराष्ट्रीय मैराथन शुरू हुई, जो अब भारतीय एथलेटिक्स कैलेंडर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई।

देश के खेल समुदाय ने उन्हें एक दिग्गज, समर्पित और दूरदर्शी खेल प्रशासक के रूप में याद किया, जिनकी कमी भारतीय खेलों में हमेशा महसूस की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *