पांचवीं राष्ट्रीय फिन स्विमिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का शानदार प्रदर्शन, आठ स्वर्ण के साथ ओवरऑल तीसरा स्थान

लखनऊ, 28 दिसंबर। उत्तर प्रदेश की फिन स्विमिंग टीम ने पांचवीं राष्ट्रीय फिन स्विमिंग चैंपियनशिप–2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण सहित कुल 23 पदक जीतकर ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ टीम ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

उत्तर प्रदेश अंडरवाटर स्पोर्ट्स एवं फिन स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह चैंपियनशिप 19 से 22 दिसंबर 2025 तक कर्नाटक के मंगलौर स्थित इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की 27 सदस्यीय टीम ने प्रतिभाग किया।

चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश ने अपने पिछले प्रदर्शन की तुलना में उल्लेखनीय सुधार करते हुए आठ स्वर्ण, सात रजत और आठ कांस्य पदक जीते। ओवरऑल पदक तालिका में पश्चिम बंगाल पहले और कर्नाटक दूसरे स्थान पर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश की टीम ओवरऑल आठवें स्थान पर रही थी।

स्वर्ण पदक विजेताओं में अमर अवस्थी ने एमवी-1 सरफेस और एमवी-1, 50 मीटर एपनिया में, अविनाश निषाद ने जेआर-ई वर्ग में 200 मीटर फिन और 100 मीटर बाई फिन में तथा गायत्री ने जेआर-डी वर्ग में 100 मीटर सरफेस और 50 मीटर एपनिया में दो-दो स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा राज यादव ने जेआर-डी, 200 मीटर बी-वन फिन और उत्तर प्रदेश टीम ने जेआर-बी वर्ग की 4×100 मीटर बाई फिन रिले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रजत पदक जीतने वालों में मार्कंडेय यादव (जेआर-बी, 200 व 400 मीटर बाई फिन), अंश प्रताप सिंह (जेआर-डी, 50 व 100 मीटर बाई फिन), आयुष चौहान (जेआर-ई, 200 मीटर बाई फिन), राज यादव (जेआर-डी, 100 मीटर सरफेस) और सत्यम साहनी (जेआर-बी, 50 मीटर एपनिया) शामिल रहे।

कांस्य पदक विजेताओं में आदित्य साहनी (जेआर-बी, 200 मीटर बाई फिन), अभिषेक कुमार (एसआर-ए, 100 मीटर सरफेस), आयुष चौहान (जेआर-ई, 50 मीटर बाई फिन), अभिषेक चौहान (जेआर-बी, 50 मीटर बाई फिन), गायत्री (जेआर-डी, 200 मीटर सरफेस) और कुमकुम गुप्ता (एमवी-2, 100 मीटर बाई फिन) शामिल रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश टीम ने जेआर-डी और जेआर-बी वर्ग की 4×100 मीटर मिक्स बाई फिन रिले स्पर्धाओं में भी कांस्य पदक जीते।

संघ पदाधिकारियों ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *