होली से पहले ‘लाट साहब’ जुलूस मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

शाहजहांपुर होली पर निकलने वाले पारंपरिक ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी ने देर रात जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान जुलूस आयोजक भी मौजूद रहे और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया।

एसपी राजेश द्विवेदी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करने तथा जुलूस के दौरान सतर्कता और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ढीले व लटके बिजली तारों को ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों को ढकने, सड़क के गड्ढे भरने और मार्ग में बाधा बन रही अस्थायी व स्थायी अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक मार्गों और जुलूस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

यह जुलूस थाना आरसी मिशन क्षेत्र के सरायकाइयां मोहल्ले से होली के दिन निकाला जाता है। करीब तीन किलोमीटर लंबा यह जुलूस सरायकाइयां, दलेलगंज और तारीन गाड़ीपुरा होते हुए पुनः सरायकाइयां पहुंचता है।

प्रशासन के अनुसार देश के इस अनोखे जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना बड़ी चुनौती माना जाता है, जिसकी तैयारियाँ लगभग दो माह पहले से शुरू कर दी जाती हैं। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है, जबकि जुलूस कमेटी से सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *