संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर में लोधीपुर वार्ड-3 में ओपन जिम का लोकार्पण, स्मार्ट सिटी को नई रफ्तार


रोजा ट्रेन हादसे पर सख्त हुए वित्त मंत्री, रेलवे से मांगी ठोस कार्ययोजना

शाहजहांपुर। नगर के विकास और जनसुरक्षा से जुड़े दो अहम मुद्दों को लेकर रविवार को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर में सक्रिय नजर आए। एक ओर जहां उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के तहत लोधीपुर वार्ड-3 में ओपन जिम का लोकार्पण कर नागरिकों को फिटनेस की नई सुविधा दी, वहीं दूसरी ओर रोजा क्षेत्र में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों से सख्ती से जवाब तलब किया।

मोहल्ला लोधीपुर वार्ड-3 स्थित सिटी पार्क के तीन पार्कों में नगर निगम शाहजहांपुर द्वारा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्मित ओपन जिम का लोकार्पण वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. बिपिन मिश्रा, अपर नगर आयुक्त, क्षेत्रीय पार्षद रूपेश कुमार वर्मा (अन्नू) सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ओपन जिम से क्षेत्रवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन सुविधाओं का नियमित उपयोग करें।

इसी दिन रोजा क्षेत्र में 24 दिसंबर को ट्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार पांच लोगों की मौत के मामले को लेकर वित्त मंत्री ने सांसद अरुण सागर और डीआरएम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से पूछा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कार्ययोजना बनाई गई है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जल्द से जल्द व्यावहारिक और प्रभावी प्रपोजल तैयार किया जाए, जिससे न विभाग को परेशानी हो और न ही स्थानीय लोगों की जान जोखिम में पड़े।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और रेलवे को भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए त्वरित कदम उठाने होंगे। उन्होंने आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *