लखनऊ, 14 जनवरी – समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए संघ परिवार को “दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार” करार दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी है।
सपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि संघ और भाजपा से देश को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से सावधान रहना होगा। लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना आवश्यक है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और अपराधियों का बोलबाला है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और साइबर अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है और अपराधी बेखौफ होकर हत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर और बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को निषाद पार्टी के 13वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि अब केंद्रीय मंत्री ने भी स्वीकार कर लिया है कि भाजपा का गठबंधन राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि रीजीजू ने यह स्वीकार किया कि राजग अवसरवादी नहीं बल्कि “दिल से मिलकर” काम करने वाला गठबंधन है, जो भाजपा के असली चरित्र को उजागर करता है।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर घुसपैठियों के मुद्दे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मुद्दे पर झूठा प्रचार किया, लेकिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान एक भी घुसपैठिया नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने, भ्रष्टाचार फैलाने और सरकारी धन की लूट करने में माहिर है।
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर को मजबूत करना, वोटों की रक्षा करना और अपने बूथ को जिताना हर सपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठित प्रयासों के जरिए पार्टी जनता के बीच भाजपा की नीतियों का सच उजागर करेगी और लोकतंत्र को मजबूत करेगी।
