भारत–अमेरिका संबंध मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, हर दिन नयी चुनौती: कांग्रेस

भारत–अमेरिका संबंध मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, हर दिन नयी चुनौती: कांग्रेस

नयी दिल्ली, आठ जनवरी । कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत–अमेरिका संबंध इस समय “मुश्किल दौर” से गुजर रहे हैं और दोनों देशों के रिश्तों में हर दिन एक नयी चुनौती सामने आ रही है। पार्टी की यह प्रतिक्रिया अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा उस विधेयक का समर्थन किए जाने के बाद आई है, जिसके तहत रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जा सकता है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी सहयोगी सीनेटर लिंडसे ग्राहम एक ऐसे विधेयक को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसके तहत रूस के साथ भारत के व्यापार और अन्य संबंधों पर व्यापक नये प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले सीनेटर बर्नी मोरेनो ने एक विधेयक पेश किया था, जिसमें आउटसोर्सिंग के लिए भुगतान करने वाली अमेरिकी कंपनियों पर 25 प्रतिशत कर लगाने का प्रस्ताव है।

रमेश ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की लगातार प्रशंसा किए जाने से भी भारत के लिए असहज स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि द्विपक्षीय संबंधों में एक “नयी असामान्य स्थिति” बन गई है और प्रधानमंत्री के बयानों के बावजूद हर दिन नयी चुनौती उभर रही है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उस विधेयक का समर्थन किया है, जिसके तहत रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जा सकता है। इस कदम से व्हाइट हाउस को चीन और भारत जैसे देशों पर रूस से सस्ता तेल खरीदना बंद करने का दबाव बनाने की व्यापक गुंजाइश मिलेगी।

अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि यह विधेयक चीन, भारत और ब्राजील जैसे देशों के खिलाफ व्हाइट हाउस को “बेहद मजबूत दबाव बनाने का साधन” प्रदान करेगा, ताकि उन्हें रूस से सस्ता तेल खरीदना बंद करने के लिए प्रेरित किया जा सके। ग्राहम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक के बाद इस द्विदलीय रूस प्रतिबंध विधेयक को समर्थन मिला है और उम्मीद जताई कि इसे अगले सप्ताह की शुरुआत में मतदान के लिए लाया जा सकता है।

कांग्रेस ने यह भी रेखांकित किया कि अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत तक शुल्क लगाया है, जो दुनिया में सबसे अधिक शुल्क वाले देशों में शामिल है। इनमें रूस से ऊर्जा खरीद पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है।

इस बीच, सीनेटर ग्राहम ने कहा कि अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने उन्हें भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद कम किए जाने की जानकारी दी है और राष्ट्रपति ट्रंप से भारत पर लगाए गए शुल्क में राहत देने का अनुरोध करने को कहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *